राजनीति
कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर ग्रामीण से 20 हजार की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार-भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सस्ते दाम पर कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक ग्रामीण युवक से 20 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने जैसा दिखने वाला नकली टुकड़ा थमाकर युवक से नकद रकम ऐंठ ली। शिकायत मिलने के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नगद और नकली सोने का टुकड़ा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुमार वर्मा ने 17 नवंबर को थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 नवंबर को राहुल यदु ने फोन कर उसे जानकारी दी कि ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेच रहा है। इसके बाद पोषण गिरी ने उमेश को फोन कर सोनबरसा के पास मिलने बुलाया।
रात करीब 9 बजे तालाब के पास आरोपी ने युवक को सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया और उसके बदले 20 हजार रुपये नगद ले लिए। अगले दिन सुबह जब युवक ने टुकड़े को धूप में ध्यान से देखा तो उसकी असलियत सामने आ गई। वह सोना नहीं, बल्कि नकली धातु का टुकड़ा था। जब युवक ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी देकर वहां से चला गया।
पूछताछ में साथी के साथ ठगी करना कबूला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नामजद आरोपी पोषण गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने ग्राम सोनबरसा से दूसरे आरोपी मौसम महिलांगे को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद।
मौसम महिलांगे (20 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली।
पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सस्ते में सोना या अन्य कीमती धातु बेचने के नाम पर दिए जाने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना जांच-पड़ताल के सोना या कीमती वस्तु न खरीदें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर देने की अपील की गई है।