राजनीति

संपत्तिकर बकाया पर गैरेज सील, मालिक ने निकाला दूसरा रास्ता!
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में नगर निगम की सीलबंदी कार्रवाई को दरकिनार कर गैरेज का कारोबार दोबारा शुरू करने का मामला सामने आया है। संपत्तिकर बकाया होने के चलते नगर निगम ने गैरेज के मुख्य दरवाजे को सील कर दिया था, लेकिन गैरेज मालिक ने कथित तौर पर दूसरा दरवाजा खोलकर फिर से व्यवसाय शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम ने अब पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, नगर निगम जोन क्रमांक-8 मोहबा बाजार के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-01 वीर सावरकर नगर स्थित एक गैरेज पर लंबे समय से संपत्तिकर बकाया था। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर निगम अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गैरेज के मुख्य प्रवेश द्वार को सीलबंद कर दिया था।
लेकिन निगम अधिकारियों के मुताबिक, सीलबंदी के बाद भी संपत्ति मालिक ने सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना दूसरा दरवाजा खोल लिया और दोबारा गैरेज का कारोबार शुरू कर दिया। इस तरह नगर निगम की सीलबंदी कार्रवाई के बावजूद व्यवसाय संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन-8 के जोन आयुक्त ने आमानाका थाना प्रभारी को पत्र भेजा है। पत्र में संबंधित गैरेज मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और इसकी सूचना नगर निगम को देने की मांग की गई है। नगर निगम की ओर से पुलिस को सीलबंदी पंचनामे की छायाप्रति के साथ सील टूटी हुई स्थिति के फोटो भी उपलब्ध कराए गए हैं। अब देखना होगा कि निगम की शिकायत पर पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।