राजनीति
परिवार परामर्श केंद्र में विवादों का सिलसिला जारी, एक और काउंसलर बाहर!
पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के महिला थाना में संचालित परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ी एक और महिला काउंसलर की नियुक्ति निरस्त कर दी गई है। बीजेपी नेत्री और परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर संतोषी दुबे को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने पद से हटा दिया है। उनके खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और काम नहीं दिलाने की शिकायत सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने संतोषी दुबे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संतोषी दुबे ने एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर काम दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उन्हें डेढ़ लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी संबंधित लोगों को नौकरी नहीं दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।
काफी समय तक समाधान नहीं मिलने के बाद पारस जैन ने जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय से मामले की शिकायत की। शिकायत सामने आने के बाद एसपी ने संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है।
डीएसपी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
मामले की जांच परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई है। अधिकारियों को शिकायत में लगाए गए आरोपों और कथित लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एक सप्ताह में दूसरी काउंसलर की नियुक्ति निरस्त
गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र की दूसरी महिला काउंसलर की नियुक्ति निरस्त की गई है। इससे पहले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी रद्द की गई थी। उनके खिलाफ रायपुर निवासी एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत की थी। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ी नियुक्तियों और उनकी पृष्ठभूमि को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।