राजनीति


रायपुर में संपत्तिकर बकायादारों पर निगम का शिकंजा, 10 लाख से ज्यादा बकाया पर कुर्की वारंट!
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में बकाया संपत्तिकर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। टाटीबंध क्षेत्र में एक अचल संपत्ति पर 10 लाख 5 हजार 228 रुपये का संपत्तिकर बकाया होने पर निगम ने कुर्की वारंट जारी कर दिया है। यह बकाया वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक का बताया गया है।
नगर निगम द्वारा जारी वारंट के अनुसार, संबंधित संपत्ति वार्ड क्रमांक 02, पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड के अंतर्गत नहर रोड, रिंग रोड नंबर-2, टाटीबंध में स्थित है। संपत्ति की आईडी क्रमांक RPR801S0160A है। यह कुर्की वारंट संतोषी देवी और सुभाषचंद के नाम जारी किया गया है।
निगम के मुताबिक, बकाया राशि की वसूली के लिए छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 173 एवं 174(1) के तहत मांग सूचना जारी कर विधिवत तामील कराई गई थी। इसके बावजूद नोटिस मिलने के बाद निर्धारित 30 दिनों की अवधि समाप्त होने तक संपत्तिकर जमा नहीं किया गया। इसके बाद निगम ने अधिनियम की धारा 175(d) के तहत कुर्की वारंट जारी करते हुए संबंधित अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की है।
संपत्ति के हस्तांतरण और बिक्री पर रोक
कुर्की आदेश में संबंधित पक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे कुर्क की गई संपत्ति का विक्रय, हस्तांतरण या उस पर किसी भी प्रकार का आर्थिक भार सृजित न करें। आदेश की मुनादी कराई जाएगी। साथ ही संपत्ति और नगर निगम कार्यालय के सार्वजनिक स्थानों पर इसकी सूचना चस्पा की जाएगी।
बकाया नहीं चुकाया तो हो सकती है नीलामी
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बकाया संपत्तिकर और वसूली से संबंधित खर्च जमा नहीं किए जाते हैं, तो आगे संपत्ति की सार्वजनिक नीलामी की कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 179(2) के तहत आयुक्त के आदेश पर नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इस कार्रवाई के जरिए नगर निगम ने स्पष्ट संकेत दिया है कि लंबे समय से संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ अब सख्ती बरती जाएगी।