राजनीति
अलाव के लिए लकड़ी फोड़ने पर भिड़े दो पक्ष, एक की मौत और दो अस्पताल में भर्ती
पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में लकड़ी फोड़ने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें 19 वर्षीय युवक मयंक ध्रुव की जान चली गई। वहीं, दूसरे पक्ष के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अशोक नगर स्थित अटल आवास डी ब्लॉक में ठंड से बचने के लिए अलाव जलाने लकड़ी फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान 19 वर्षीय मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
वहीं, इस संघर्ष में दूसरे पक्ष के गोपाल समेत दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयान के आधार पर हत्या के मामले में चार आरोपियों और हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों की पहचान की गई है।
फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामूली विवाद में एक युवक की मौत और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना ने एक बार फिर गुस्से और आपसी विवाद के भयावह अंजाम को सामने ला दिया है।