राजनीति
धमतरी में सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, वार्डवासियों ने किया चक्काजाम
पब्लिक स्वर,धमतरी। शहर में खराब सड़क, जगह-जगह गड्ढों और उड़ती धूल से परेशान वार्डवासियों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। सिहावा चौक से कोलियरी तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में आधारी नवागांव के वार्डवासियों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर शाम चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी सड़क की मरम्मत शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस ने बलपूर्वक प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया।
दरअसल, धमतरी शहर में सिहावा चौक से कोलियरी तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जारी है। लेकिन निर्माण के दौरान सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और धूल की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। इसी के विरोध में वार्डवासी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बीच सड़क पर बैठ गए। कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें सड़क से हटाया। इसके कुछ देर बाद पीडब्ल्यूडी के एसडीओ मुरलीधर पैकरा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।
गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे लोग, स्कूली बच्चों की आवाजाही भी जोखिम भरी
वार्डवासियों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और दिनभर धूल उड़ती रहती है। इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग को शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों के मुताबिक रात 10 बजे के बाद सड़क पार करना तक मुश्किल हो जाता है।
एक वार्डवासी ने बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति सड़क के गड्ढे में गिरकर घायल हो गया था, जो अभी भी बिस्तर पर है। इसी सड़क से रोजाना स्कूली बच्चों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। फोन करने पर भी अधिकारी कॉल नहीं उठाते। ऐसे में परेशान होकर लोगों को चक्काजाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
15 दिन पहले भी दिया था धरना, आश्वासन के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर धरना दिया गया था। उस दौरान अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। तीन दिन पहले भी अधिकारी ने रात से मरम्मत शुरू कराने की बात कही थी।
वार्डवासियों का कहना है कि केवल सड़क पर पानी का छिड़काव करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। गड्ढों की स्थायी मरम्मत जरूरी है, क्योंकि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने अधिकारियों पर लगाए लापरवाही के आरोप
युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष गीतराम सिन्हा ने कहा कि यह विडंबना है कि लोगों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण का टेंडर होने और काम जारी रहने के बावजूद गड्ढों और धूल की समस्या बनी हुई है। इसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उड़ती धूल से लोगों को सांस और दमा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले भी प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अधिकारियों ने आश्वासन देकर जिम्मेदारी पूरी नहीं की। इसी वजह से दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क की स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
दो दिन बाद गड्ढे भरने का काम होगा शुरू : एसडीओ
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ मुरलीधर पैकरा ने बताया कि सिहावा चौक से कोलियरी तक सड़क निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण के दौरान कुछ परेशानियां आती हैं। धूल की समस्या कम करने के लिए ठेकेदार से लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।उन्होंने आश्वासन दिया कि दो दिन बाद सड़क के गड्ढे भरने का काम भी शुरू करा दिया जाएगा। विभाग लोगों की परेशानी दूर करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करेगा।
अब