राजनीति
सड़क से सीधे खेत में जा घुसी बाइक, हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
पब्लिक स्वर,गरियाबंद। गरियाबंद जिले के अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाथी बंद के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान हाथी बंद के पास अचानक बाइक पर से उसका नियंत्रण हट गया और बाइक सीधे सड़क किनारे खेत में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर खेत में पड़े युवक और बाइक पर पड़ी। इसके बाद तत्काल अमलीपदर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।