राजनीति
रायपुर में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 7 आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट (ACCU) की विशेष टीम ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों और 3 नाबालिगों समेत कुल 7 लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 7 बुलेट समेत चोरी की 13 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले 3 स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पहुंची पुलिस
शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने ACCU प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। टीम चोरी की घटनाओं वाले स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाकर वाहन चोरी के हॉटस्पॉट भी चिन्हित किए जा रहे थे।
इसी दौरान 17 नवंबर को पुलिस टीम डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी बिना पीछे की नंबर प्लेट वाली एक बुलेट पर सवार युवक पुलिस के संदेह में आया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान दीप छाबड़िया, निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर के रूप में बताई। वह बाइक के दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बुलेट चोरी की होने की बात स्वीकार कर ली।
ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य शहर में घूम-घूमकर खास तौर पर बुलेट मोटरसाइकिल को निशाना बनाते थे। आरोपी पहले बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी करते थे। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य चोरी की बाइक चलाता था, जबकि बाकी सदस्य अपने स्कूटर से पीछे चलते हुए पैर लगाकर बाइक को धक्का देते थे और उसे मौके से लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, पहचान छिपाने के लिए आरोपी वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे या बदल देते थे। इसके अलावा गाड़ियों पर मौजूद पहचान के निशान मिटाने और उनके पार्ट्स बदलने का काम भी करते थे।
चार आरोपी और तीन नाबालिग पकड़े गए
मुख्य आरोपी दीप छाबड़िया से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी रुद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले, कृष्ण कुमार सिंह और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
इन थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं मामले
चोरी किए गए वाहनों के संबंध में डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में बीएनएस की धारा 303(2) और 305 के तहत मामले दर्ज हैं। जांच में गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आने पर पुलिस ने मामलों में संगठित अपराध से संबंधित बीएनएस की धारा 112 और 3(5) भी जोड़ी है।
18.50 लाख रुपये के वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 13 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें 7 बुलेट शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमैन स्कूटर भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पकड़े गए आरोपियों में दीप छाबड़िया (21), रुद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18), शुभम पटले (22) और कृष्ण कुमार सिंह (21) शामिल हैं। इनके साथ तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश भी की जा रही है।