राजनीति
चुनाव प्रचार के दौरान भूपेश बघेल के काफिले पर हमला! पुलिस ने संभाला मोर्चा
पब्लिक स्वर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर सोमवार को कथित तौर पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। बघेल नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे थे। कांग्रेस के मुताबिक, समागुड़ी के बरमा इलाके में कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प की स्थिति बन गई।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इसी दौरान बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस वाहन में सवार थे, उस पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं। घटना के वक्त धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा भी काफिले में मौजूद थे। पथराव में कुछ वाहनों के शीशे टूटने और पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF के जवान मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों पर भी पथराव की सूचना मिली। इसके बाद कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में मौके से बाहर निकाला गया। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस वाहन पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें वह और भूपेश बघेल मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस से पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था। कांग्रेस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, पथराव की शुरुआत किस ओर से हुई और हिंसा के लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। नागांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा और भाजपा ने देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।