राजनीति
इनोवा से 132 किलो गांजा की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,महासमुंद। महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बसना थाना क्षेत्र में टीम ने एक इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 66 लाख रुपये बताई गई है। गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल समेत कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 81.20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजा से भरी एक इनोवा कार महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका। तलाशी के दौरान कार से 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने गणेश बाजे पिता रामदास बाजे (42) निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे और विपुल पिता रामचंद्र भालेराव (36) निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।