राजनीति
घर के पीछे गांजे का जखीरा छिपाकर ग्राहक तलाश रहा आरोपी गिरफ्तार, 1.42 लाख का माल जब्त
पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने ग्राम सहकट्टा में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने घर के पीछे गांजा छिपाकर रखा था और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 855 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 42 हजार 750 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सहकट्टा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान यशवंत धनेलिया को पकड़ा गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.855 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशवंत धनेलिया पिता वासुदेव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम सहकट्टा, थाना भानुप्रतापपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले को विवेचना में लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, एएसआई कैलाश पांडे, प्रधान आरक्षक विजय कटकवार, आरक्षक टोमन साहू, गौतम हुपेंडी और महिला सहायक आरक्षक मीनाक्षी मरकाम की भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि उजियारा अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।