राजनीति
ट्रक-पिकअप की भिड़ंत से 5 युवकों की मौत, 5 गंभीर घायल
पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को मरकाटोला घाट के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। डीजे से बंधी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं। हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया।
जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला घाटी के पास डीजे से बंधी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी सड़क पर पलट गया।
हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं पांच घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। ट्रक चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सड़क पर दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होकर पड़े रहने से कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट क्षेत्र लगातार सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। उनका बाइक ग्रुप बस्तर की ओर जा रहा था। अब एक बार फिर हुए इस भीषण हादसे के बाद इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।