राजनीति
लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो खुला राज
पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 33 वर्षीय संतोषी अपने लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव के साथ रह रही थी। आरोप है कि 27 अगस्त को मारपीट के दौरान संतोषी की मौत हो गई, जिसके बाद मनोज ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मनोज उरांव नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना के बाद उसने संतोषी के भाइयों को गुमराह किया और उसके बारे में अलग-अलग जानकारी देता रहा। रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों को संदेह हुआ और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला। आसपास बदबू आने पर परिजनों ने टैंक की जांच की, तो अंदर संतोषी का शव मिला। इसके बाद घटना की सूचना श्यांग पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।