राजनीति
जंगल में एक ही फंदे पर मिले युवक-युवती के शव, गांव में फैली सनसनी
पब्लिक स्वर,कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के अरतेरा गांव में शनिवार शाम युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में एक पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटके मिले। जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने शवों को देखा और इसकी सूचना गांव में दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों और परिजनों ने मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21) और मुनिता (18) के रूप में की। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम तक दोनों अपने-अपने घरों में मौजूद थे। इसके बाद वे कब घर से निकले, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं थी। सुबह दोनों के घर पर नहीं मिलने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जंगल में दोनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई।
एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और दोनों के घर से निकलने से लेकर जंगल तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव ने बताया कि मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस की कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।