राजनीति
कमल विहार में आधी रात कार हटाने को लेकर होटल कारोबारी से मारपीट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
पब्लिक स्वर,रायपुर। कमल विहार इलाके में देर रात सड़क किनारे कार खड़ी करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीन युवकों ने होटल कारोबारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 24 सितंबर की रात करीब 1:10 बजे कमल विहार स्थित वेंकटेश अस्पताल के सामने बिल्डिंग E02 के पास की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता धीमेंद्र कटरे के मुताबिक, उनकी पत्नी की तबीयत खराब थी और वे उन्हें इलाज के लिए कार से क्लिनिक ले जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे कार रोककर मोबाइल पर बात करना शुरू किया।
धीमेंद्र के अनुसार, पास में एक KIA कार खड़ी थी। उन्होंने कार में बैठे युवक से गाड़ी हटाने के लिए कहा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान तीन युवक मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद तीनों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने दोबारा हमला करने के लिए उनके पीछे दौड़ने का भी प्रयास किया। घटना के बाद धीमेंद्र ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। शिकायत के मुताबिक, मारपीट में उनके दोनों गाल और होंठ में दर्द हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों युवक शराब के नशे में थे।
सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को थाने ले गई। शिकायत में आरोपियों की पहचान चंदन साहू, गुलशन साहू और ओमकार साहू के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिस KIA कार में पुलिस की नंबर प्लेट और हूटर लगे होने की बात शिकायत में कही गई है, उसके संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। टिकरापारा पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।