राजनीति
खेत में ले जाकर दो बच्चियों के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में 10 और 12 साल की दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था, इसी दौरान आरोपी दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर साइकिल पर बैठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत की ओर ले गया और वहां उनके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर की दोपहर गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ललित ठाकुर (36) दोनों बच्चियों को अपनी साइकिल के कैरियर पर बैठाकर सुनसान स्थान की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चियों को गमछे से बांध दिया और खेत में उनके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए दोनों बच्चियों को 50-50 रुपये दिए।
घटना के बाद बच्चियों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने गुंडरदेही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया गया है कि घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने आरोपी को बच्चियों के साथ खेत की ओर जाते हुए देखा था और इसकी जानकारी परिजनों को दी थी। पीड़ित दोनों बच्चियां चौथी और छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं। वहीं आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी करने के साथ खेती का काम भी करता है।
गुंडरदेही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। एसडीओपी श्रुति सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी ललित ठाकुर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।