राजनीति
गीदम में बदहाल सड़क के खिलाफ सड़क पर उतरे व्यापारी-ड्राइवर, वाहनों की लगी कतार
पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा-गीदम NH-163A और जगदलपुर-बीजापुर NH-63 की बदहाल सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों और ड्राइवर संघ ने चक्काजाम कर दिया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ट्रक खड़ा कर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रखा। चक्काजाम के चलते गीदम-दंतेवाड़ा मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, वहीं हारम तिराहे के पास बीजापुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-63 पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा बढ़ गया है। व्यापारियों और शहरवासियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की।
व्यापारी संदीप निर्मलकर ने बताया कि खराब सड़क के कारण एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया था। इसके बाद व्यापारी और ड्राइवर मौके पर पहुंचे और चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है और कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ड्राइवर संघ के सदस्य ने कहा कि खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आगे फिर आंदोलन किया जाएगा।
हारम में सड़क किनारे बनी नालियों की स्थिति भी खराब है। दोनों ओर की नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी और गंदा पानी सड़क के गड्ढों में जमा हो रहा है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने नालियों की सफाई कराने की मांग की है। वही एक प्रदर्शनकारी के मुताबिक, नालियों की सफाई को लेकर सरपंच से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
करीब एक घंटे बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन लिया और जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया। चक्काजाम खत्म होने के कुछ देर बाद ही सड़क के गड्ढे के कारण एक कार अनियंत्रित होकर बाइक की ओर बढ़ गई। इसी दौरान गड्ढे की वजह से बाइक सवार भी गिर गया और कुछ देर के लिए बेसुध हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया।
तहसीलदार ने बताया कि चक्काजाम करने वाले लोगों से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। बारिश के बाद खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। प्रशासन ने सड़क और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।