राजनीति
कुरुद में नशीली कैप्सूल की बिक्री का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,कुरूद/धमतरी। धमतरी जिले में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नशीली कैप्सूल बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 988 नशीले कैप्सूल, 2,050 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कीमत 27,243 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उमरदा विशाखापटनम ओवरब्रिज के पास कुछ लोग नशीली कैप्सूल की बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर कुरुद पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों कार्तिक कोसिरिया (22), निवासी गांधी चौक कुरुद और पंकज पटेल (25), निवासी उमरदा को पकड़ा। उनके पास से 613 नशीले कैप्सूल, 1,050 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 315/26 के तहत धारा 22(क), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई ग्राम भरदा ओवरब्रिज के नीचे चाय दुकान के पास की गई। यहां पुलिस ने नशीली कैप्सूल बेच रहे गुलशन साहू (25), निवासी ग्राम भरदा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 375 नशीले कैप्सूल, 1,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 316/26 के तहत धारा 22(ख), 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशीले कैप्सूल ग्राहकों को 100 रुपये प्रति नग की दर से बेचते थे। इस हिसाब से जब्त 988 कैप्सूल की अनुमानित बिक्री कीमत करीब 98,800 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशीली दवाइयों और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।