राजनीति
OP चौधरी ने खुद संभाली केलो नदी के सफाई की कमान, 29.99 करोड़ से होगा खर्राघाट का विकास
पब्लिक स्वर,रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को रायगढ़ के खर्राघाट में केलो नदी की सफाई और घाट विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी खुद नदी में उतरे और विसर्जित गणेश प्रतिमाओं के अवशेष तथा नदी में जमा कचरा बाहर निकाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से केलो नदी को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में निरंतर भागीदारी की अपील की।
ओपी चौधरी ने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। यह शहर का महत्वपूर्ण जलस्रोत भी है। उन्होंने कहा कि केवल एक दिन सफाई करने से नदी स्वच्छ नहीं रह सकती, इसके लिए लगातार प्रयास और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। इस दौरान उन्होंने नदी में डुबकी लगाकर केलो नदी को नमन भी किया।
खर्राघाट में घाट नवनिर्माण और ऑक्सीजोन विकसित करने के लिए 29.99 करोड़ रुपए की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिली है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपए है। इसका कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और परियोजना को दो वर्ष में पूरा किया जाना है। वित्त मंत्री ने कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा करने का प्रयास करने की बात कही।
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नाली, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण होगा। पचरी घाट का नवीनीकरण कर उसे पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा।
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे, घाट, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने पांच साल में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि खर्राघाट का विकास केवल घाट के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां मॉर्निंग वॉक, नाइट वॉक, जिम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान विकसित किए जाएंगे।
कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में प्रस्तावित था, लेकिन बुधवार को मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री रायगढ़ नहीं पहुंच सके। इसके बाद गुरुवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों की शुरुआत हुई।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता और विकास को साथ लेकर काम किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और औद्योगिक गतिविधियों के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ स्थायी विकास कार्य शुरू होना रायगढ़ के लिए महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली।