राजनीति
पत्नी ने पति पर लगाया ज्वाइंट अकाउंट बनाकर रकम निकालने का आरोप, मामला दर्ज
पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में पति-पत्नी के विवाद के बीच बैंक खाते से 28 लाख रुपये से अधिक की निकासी का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसके बचत खाते को ज्वाइंट अकाउंट में बदलवा लिया और बाद में उसमें जमा पूरी राशि निकाल ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किरीतमाल निवासी प्रभा डनसेना (38) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पति मनोज डनसेना से पारिवारिक विवाद के कारण वह वर्ष 2024 से अपने बेटे के साथ विकास नगर में किराये के मकान में रह रही हैं। दोनों के बीच तलाक और भरण-पोषण का मामला वर्तमान में रायगढ़ के कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन है।
बिना जानकारी खाते में नाम जोड़ने का आरोप
महिला के अनुसार, उसके नाम से ग्रामीण बैंक, भूपदेवपुर में एक बचत खाता संचालित है, जिसमें वह लंबे समय से अपनी जमा पूंजी रख रही थी। आरोप है कि पति ने उसकी अनुमति लिए बिना बैंक में आवेदन प्रस्तुत कर खाते में अपना नाम जुड़वाया और उसे ज्वाइंट अकाउंट में परिवर्तित करा लिया।
28.04 लाख रुपये निकाले जाने का दावा
शिकायत के मुताबिक, दोनों के अलग रहने के दौरान 3 जुलाई को आरोपी पति ने खाते से 28 लाख 4 हजार 710 रुपये निकाल लिए। बाद में जब महिला स्वयं बैंक पहुंची, तब उसे पता चला कि खाते की पूरी राशि पहले ही निकाली जा चुकी है। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और भूपदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस बैंक से संबंधित दस्तावेज, खाते में किए गए बदलाव, आवेदन प्रक्रिया और निकासी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।