राजनीति
योगेश निक्की भाले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अरुण साव से की मुलाकात, पाटन को नगर पालिका घोषित करने की मांग
पब्लिक स्वर,दुर्ग। पाटन नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग अब तेज हो गई है। इसी कड़ी में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को विधानसभा भवन में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर पाटन को नगर पालिका घोषित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि नगर पंचायत की सामान्य सभा में सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से पाटन को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि नगर की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और शहरी क्षेत्र का विस्तार भी तेजी से हो रहा है। ऐसे में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए नगर पालिका का दर्जा आवश्यक है।
नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि नगर पालिका बनने से विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे, योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया के तहत सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेन्द्र निर्मलकर, देवेन्द्र ठाकुर, पार्षद अन्नपूर्णा पटेल, संगीता धुरंधर, एल्डरमैन प्रकाश बिजौरा, गंगाप्रसाद देवांगन, योगेश सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा, उप अभियंता प्रवीण कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।