राजनीति
जनसमस्याओं पर नाराज भाजपा पार्षद? सामूहिक इस्तीफा पत्र से गरमाई राजनीति
पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत समोदा में भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे से जुड़ा एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वायरल पत्र में नगर पंचायत उपाध्यक्ष समेत पांच भाजपा पार्षदों के नाम और हस्ताक्षर दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम संबोधित इस पत्र में नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर रहे हैं, जिसके कारण वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता की मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
वायरल पत्र के अनुसार नाली निर्माण, पानी निकासी, स्वच्छता और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई कार्य लंबे समय से लंबित हैं। पार्षदों का कहना है कि उन्होंने इन मुद्दों को कई बार प्रशासन के समक्ष उठाया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विकास कार्यों में आ रही बाधाओं के कारण जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे हालात में पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं बचता, इसलिए इस्तीफा देने का निर्णय लिया गया है।