कोंडागांव के सरकारी स्कूल में संदिग्ध तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि, स्कूल में फैला डर का माहौल
पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले के ग्राम करंजी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार, 17 दिसंबर की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के प्रिंसिपल कार्यालय के सामने तंत्र-मंत्र से जुड़ी संदिग्ध सामग्री मिली।
विद्यालय की प्राचार्या देवयानी चौधरी ने बताया कि जब वे सुबह स्कूल पहुंचीं तो ऑफिस के ठीक सामने लाल कपड़ा, कटे हुए नींबू, सिंदूर, लाल धागा, रंगोली और एक अधूरा पुतला रखा हुआ था। यह देखकर शिक्षक, छात्र और अन्य स्टाफ डर गए और स्कूल परिसर में भय का माहौल बन गया।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने जानबूझकर डर फैलाने के उद्देश्य से यह सामग्री रखी है। संभावना है कि देर रात किसी ने तंत्र-मंत्र या तथाकथित पूजा की हो।
घटना के बाद छात्र और शिक्षक किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की हरकत से मानसिक तनाव बढ़ गया है और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। स्कूल समुदाय ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ विद्यालय परिसर में शुद्धिकरण पूजा कराने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी और ग्राम प्रमुखों को इसकी सूचना दी गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें और स्कूल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह कृत्य किसने किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि “शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधि करने वाले व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
प्राचार्या देवयानी चौधरी ने भी प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।