राजनीति
दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर ज्वेलरी व्यापारी से लूट,इलाके में मचा हड़कंप
पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार-भाटापारा।बलौदाबाजार जिले में नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पदभार संभालने के साथ ही अपराधियों ने पुलिस को बड़ी चुनौती दे दी। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दो बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी को बंदूक की नोक पर लूट लिया। बदमाश व्यापारी के हाथ से सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तरेंगा निवासी ज्वेलरी व्यापारी बलराम सोनी रोज की तरह सुबह करीब 9:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम रोहरा स्थित दुकान के लिए निकले थे। रास्ते में एक सुनसान स्थान पर सामने से दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाश पहुंचे और उनकी बाइक रुकवा दी।
पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके हाथ में मौजूद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही व्यापारी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यापारी के पास लूटे गए जेवरों से संबंधित किसी प्रकार के बिल या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में पुलिस अब आभूषणों के स्रोत और स्वामित्व की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।