छत्तीसगढ़ में नई रेलवे लाइन के सर्वे में तेजी, 100 से अधिक गांवों को मिलेगा लाभ
पब्लिक स्वर,जांजगीर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित नई रेलवे लाइन को लेकर सर्वे कार्य में तेजी आ गई है। इसी क्रम में रेलवे के अधिकारी जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़, खैरताल और गंगाजल गांव पहुंचे, जहां प्रारंभिक सर्वेक्षण किया गया।
इस नई रेलवे लाइन के प्रस्ताव को पहले ही राज्य के बजट में मंजूरी मिल चुकी है। छत्तीसगढ़ रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CRCL) द्वारा किए गए प्राथमिक सर्वे के आधार पर इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
प्रस्तावित रेलवे लाइन नया रायपुर को एक ओर दुर्ग से और दूसरी ओर बलौदाबाजार होते हुए खरसिया से जोड़ेगी। यह लाइन पूरी तरह नई होगी और मौजूदा रेलवे मार्गों से अलग रहेगी। खास बात यह है कि यह रेल लाइन उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जहां अब तक रेलवे की सुविधा नहीं थी।
रेलवे की रिपोर्ट के अनुसार, यह लाइन बिलासपुर से होकर नहीं जाएगी, बल्कि सीधे नया रायपुर–दुर्ग–बलौदाबाजार–खरसिया मार्ग पर विकसित की जाएगी।
इस परियोजना से रायपुर, बलौदाबाजार और खरसिया के बीच स्थित 100 से अधिक कस्बों और गांवों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। इससे लोगों को यात्री रेल सुविधा तो मिलेगी ही, साथ ही औद्योगिक विकास और माल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
करीब 266 किलोमीटर लंबी इस रेलवे लाइन के निर्माण पर लगभग 4900 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई रेलवे लाइन के शुरू होने से बलौदाबाजार सहित कई क्षेत्र पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।