माना एसओएस में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक और युवक को बिलासपुर से किया गिरफ्तार
पब्लिक स्वर,रायपुर। माना एसओएस बालिका गृह में 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म मामले में रायपुर पुलिस ने एक और युवक को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। दरअसल, माना एसओएस दुष्कर्म मामले में उस वक्त नया पेंच आ गया, जब नाबालिग ने जिस बच्चे को जन्म दिया था उसका और आरोपित अंजनी शुक्ला का डीएनए मिस मैच हो गया है। यानी कि बच्चे का जैविक पिता कोई और ही है। इससे साफ है कि जो आरोपित जेल में बंद है, उसके अलावा किसी और ने भी नाबालिग से दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस की जांच से लेकर महिला एवं बाल विकास की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जेल में बंद आरोपित का बच्चे के डीएनए से मैच नहीं होने के बाद पुलिस ने इस मामले की फिर से जांच शुरू की। पुलिस ने जांच करते हुए 19 वर्षीय आरोपित आदित्य खांडे को थाना सरकंडा से गिरफ्तार किया है। माना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित पोस्को एक्ट की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की है। पीड़ित नाबालिग के बयान के अनुसार आरोपित आदित्य ने भी शारीरिक संबंध बनाए थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित का डीएनए टेस्ट करवाएगी।