जंगल में तेंदु के पेड़ में लटका मिला युवती का नरकंकाल,एडमिट कार्ड से पहचान
पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पर्रेगुड़ा गांव स्थित भोला पठार के जंगल में एक युवती का नरकंकाल मिला है। बताया जा रहा है कि नरकंकाल के पास बाल और चूड़ी मिलने से ये अनुमान लगाया जा रहा है कि ये युवती का कंकाल है।
सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह भोला पठार पर कुछ ग्रामीणों ने एक नरकंकाल देखा। जिसके बाद उन्होंने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची ने घटनास्थल की जांच की। जहा से पुलिस को घटनास्थल पर नर कंकाल मिला, जिसके हाथ की हड्डियों में चूड़ी फंसी हुई मिली। वहीं बाल भी गिरे मिले हैं। इसके अलावा कंकाल के पास ही महिलाओं की सैंडल, बैग भी मिला है।
इधर पुलिस ने जब बैग की जांच की तो उसके अंदर से एडमिट कार्ड बरामद हुआ है। जहा एडमिट कार्ड गुरूर के मां बहादुर कलारिन कॉलेज का है और उस पर स्टूडेंट का नाम कविता (22 वर्ष), पिता का नाम मिश्रीलाल और मां का नाम रेवती बाई लिखा हुआ है। बताया जा रहा है कि एडमिट कार्ड के अनुसार छात्रा बीए सेकेंड ईयर में पढ़ती थी। इधर कंकाल मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और वहां भारी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं।
बतादें कि एडमिट कार्ड के आधार पर पुलिस ने गुरूर थाना पुलिस से संपर्क किया जहां पता चला कि 30 मार्च को इस युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वही युवती बोड़रा गांव की निवासी बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से बरामद कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है ताकि वो युवती का है या नहीं, मौत हुए कितना समय हो गया है और मौत की वजह क्या है, ये बातें पता चल सके।
DNA टेस्ट कराया जायेगा कंकाल का
बताया जा रहा है कि माता-पिता का सैंपल लेकर कंकाल का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा ताकि पता चल सके कि मृत युवती कविता ही है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने युवती के माता-पिता से संपर्क किया है। वही उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस मृत युवती के कॉलेज जाकर वहां प्रबंधन और उसके दोस्तों से भी पूछताछ की तैयारी में जुटी है। ताकि पता चल सके कि आखिरी बार उसे किसके साथ देखा गया था। घटना से पहले युवती की मनोदशा क्या थी।
नरकंकाल लटका हुआ था तेंदू के पेड़ पर
इधर बताया जा रहा है कि पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या समेत सभी एंगल से जांच में जुटी है। वही पुलिस ने सैंडल, बैग और बाल को भी जांच के लिए भिजवा दिया है। बता दें कि युवती का शव तेंदू के पेड़ पर लटका हुआ था, जिसे पुलिस ने उतारा और जांच के लिए भिजवाया। इसलिए पुलिस आत्महत्या के एंगल को भी ध्यान में रख रही है। वही इधर ग्रामीणों का कहना है कि अकेली लड़की इस जंगल तक कैसे आई होगी, क्योंकि कंकाल के पास न तो साइकिल या स्कूटी मिला है और न तो यहां तक आने के लिए कोई सीधी सवारी मिलती है। लोगों ने आशंका जताई कि वो किसी के साथ ही आई होगी। इसलिए मामला हत्या का भी हो सकता है। वहीं पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजहों का खुलासा हो सकेगा।