राजनीति
पुनर्वास को मिली रफ्तार: सुकमा में 122 आत्मसमर्पित माओवादियों का आधार पंजीयन पूर्ण
पब्लिक स्वर,सुकमा। आत्मसमर्पित माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन सुकमा द्वारा एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की गई है। छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अंतर्गत नक्सल पुनर्वास केंद्र सुकमा में गुरुवार को विशेष आधार पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आत्मसमर्पित माओवादियों एवं उनके परिजनों को आधार पहचान उपलब्ध कराकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में ई-डिस्ट्रिक्ट टीम द्वारा युद्धस्तर पर कार्य करते हुए आवश्यक शासकीय दस्तावेजों का निर्माण और अद्यतन किया गया। विशेष शिविर के दौरान कुल 122 हितग्राहियों का नवीन आधार पंजीयन सफलतापूर्वक किया गया, जिनमें से 79 लोगों के आधार कार्ड तत्काल जारी कर दिए गए हैं। शेष हितग्राहियों की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके साथ ही आधार से जुड़ी त्रुटियों के सुधार एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों को भी अपडेट किया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न आए।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. शाहिद ने बताया कि आधार पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात ये सभी हितग्राही राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) आधारित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन का यह प्रयास आत्मसमर्पित माओवादियों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।