राजनीति
बचेली पुलिस की सक्रिय पुलिसिंग: गौरवपथ से ट्रक हटे, राहगीरों को बड़ी राहत
पब्लिक स्वर,बचेली। नव नियुक्त थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू की सक्रियता से नगर में कानून-व्यवस्था की मजबूत पकड़ दिखाई देने लगी है। जनवरी 2026 के अंत में पदभार ग्रहण करने के बाद से ही उन्होंने तेज़ और सख्त पुलिसिंग शुरू की, जिसका सकारात्मक असर अब सड़कों और बाजारों में साफ नजर आ रहा है।
मुख्य सड़कों पर कब्जे हटाने की कार्रवाई
विशेष रूप से गौरवपथ पर लंबे समय से खड़े ट्रकों और कबाड़ वाहनों के कारण अवैध कब्जे की स्थिति बनी हुई थी। इससे सड़क संकरी हो गई थी और यातायात अव्यवस्थित रहता था। पैदल राहगीरों, बस यात्रियों और दोपहिया चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। थाना प्रभारी की सख्ती और लगातार कार्रवाई के चलते इन वाहनों को हटाया गया, जिससे अब गौरवपथ चौड़ी, साफ और सुगम नजर आ रही है। आम नागरिकों ने इस कदम को राहत भरा बताया है।
रात में सक्रिय गश्त और पुलिस सायरन
नगर में रात 3 बजे तक पुलिस की नियमित गश्त और सायरन की आवाज सुनाई दे रही है, जिससे अपराधियों में डर और आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पदभार संभालने के तुरंत बाद थाना प्रभारी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने पत्रकार संघ और स्थानीय नागरिकों से भी संवाद कर सुझाव लिए और बेहतर पुलिसिंग का आश्वासन दिया।
शुरुआत सराहनीय, निरंतरता जरूरी
थाना प्रभारी की शुरुआती सक्रियता से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और स्थानीय समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई देखने को मिली है, जिससे जनता का विश्वास बढ़ा है। हालांकि, नागरिकों का कहना है कि इस सख्त और चाक-चौबंद व्यवस्था की निरंतरता बनी रहना बेहद जरूरी है, ताकि बचेली में शांति और सुरक्षा का माहौल मजबूत बना रहे।