राजनीति
मौसम का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर की मौत, एक घायल
पब्लिक स्वर,जशपुर। छत्तीसगढ़ में बदले मौसम का असर अब जानलेवा साबित होने लगा है। जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई, जिन्हें इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 51 वर्षीय सनऊ राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम डोमा का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ दुलदुला में एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करने आया था। यहां वह अस्थायी मकान में रहकर काम कर रहा था।
घटना के दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के बीच बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में 25 वर्षीय रेखा भी घायल हुई हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।