राजनीति
मुख्य डाकघर परिसर में पेड़ गिरने से मची अफरा-तफरी, नगर निगम ने संभाला मोर्चा
पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल मुख्य डाकघर परिसर में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। यहां अचानक एक पुराना नीम का पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक नई कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। हादसा मुख्य डाकघर के गेट नंबर-2 के पास हुआ, जहां आमतौर पर शाम के समय लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज आवाज के साथ पुराना नीम का पेड़ सड़क की ओर गिर पड़ा। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नई कार को भारी नुकसान
कार मालिक रोहन तावड़कर ने बताया कि उन्होंने अपनी कार क्रमांक CG 10 BJ 0890 को रोज की तरह सड़क किनारे खड़ा किया था। कुछ ही देर बाद पेड़ सीधे कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया, जबकि छत और बॉडी को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए।
सड़क पर लगा जाम, आवागमन प्रभावित
पेड़ गिरने के कारण पोस्ट ऑफिस के बगल से बृहस्पति बाजार की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। नीम के पेड़ का मोटा तना और बड़ी डालियां सड़क पर फैल गईं, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोग वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करते नजर आए। स्थिति उस समय और जोखिमभरी हो गई जब कुछ दोपहिया चालक टूटे हुए केबलों और पेड़ की डालियों के बीच से निकलने की कोशिश करते दिखाई दिए। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला मौके पर पहुंच गया। निगमकर्मियों ने पेड़ की शाखाएं काटकर सड़क साफ करने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रास्ता खोलने की कोशिश की गई ताकि यातायात सामान्य हो सके।