तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी ठोकर,मौत
पब्लिक स्वर,भोपाल। स्मार्ट सिटी रोड़ में एक तेज रफ्तार कार ने बीती रात एक बाइक चालक को ठोकर मार दी। वही बताया जा रहा है कि कार की ठोकर लगते ही बाइक सवार युवक काफी दूर जा गिरा वही कार डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी तरफ करीब 10 फीट नीचे उतर गई। जानकारी है कि कार के सभी एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। जो हादसा होने के बाद कार से निकलकर भाग निकले। उधर बाइक सवार युवक की अस्पताल में कुछ देर चले उपचार के बाद मौत हो गई।
इधर श्यामला हिल्स थाना पुलिस की माने तो खेड़ापति मंदिर रोड प्रेमपुरा निवासी 22 वर्षीय गणेश कौल एक रेस्टोरेंट में काम करता था। जो रोज की तरह रात को ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान रात करीब एक बजे वह श्यामलाहिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय से डिपो चौराहे की तरफ जा रहा था। इस दौरान डिपो चौराहे से स्मार्टसिटी की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने गणेश को ठोकर मार दी। जिसके बाद कार डिवाइडर से उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जाकर सड़क से नीचे जा उतरी। वही राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को जानकारी दी जिसके बाद 108 एंबुलेंस ने गणेश को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।