राजनीति



पुलिस विभाग में प्रशासनिक सर्जरी, 130 पुलिसकर्मियों के हुए तबादले
पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने व्यापक स्तर पर तबादला आदेश जारी करते हुए कुल 130 पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जारी आदेश के अनुसार 3 उप-निरीक्षक (SI), 10 सहायक उप-निरीक्षक (ASI), 23 प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) और 94 आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इन सभी पुलिसकर्मियों को जिले के अलग-अलग थानों और इकाइयों में नई पदस्थापना दी गई है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में सभी प्रभावित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सूत्रों के मुताबिक, यह तबादला सूची कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, थानों में कार्यक्षमता बढ़ाने और पुलिस बल के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है। कई ऐसे पुलिसकर्मियों को भी बदला गया है जो लंबे समय से एक ही थाने या शाखा में पदस्थ थे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के प्रशासनिक बदलाव से जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की गति तेज होगी और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। साथ ही थानों में नई ऊर्जा और कार्यसंस्कृति विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बिलासपुर में हाल के दिनों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और विभिन्न अभियानों को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय रही है। ऐसे में इस बड़े पैमाने पर हुए तबादलों को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।